बिहार में निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसमें नगर निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की पूरी संभावना है। पटना नगर निगम समेत बिहार के सभी 248 नगर निकायों में दिवाली से पहले मतदान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। 248 नगर निकायों में 19 नगर निगम, 81 नगर परिषद और 148 नगर पंचायत शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को सभी निकायों में आरक्षण की अधिसूचना भी जारी कर दी। चुनाव कार्यक्रम का ऐलान होते ही सभी नगर निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। 

बिहार के 19 नगर निगमों में से 9 निगम में मेयर के पद महिलाओं के लिए रिजर्व रखे गए हैं। इसमें पटना, भागलपुर, गया, समस्तीपुर, आरा, दरभंगा, बेगूसराय, बेतिया और सासाराम नगर निगम में महिला उम्मीदवार मेयर बनेगी। पटना नगर निगम में मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या है। यहां 17 लाख से ज्यादा वोटर मेयर और वार्ड पार्षदों का चुनाव करेंगे। इस बार भी पटना में मेयर और डिप्टी मेयर पद पर महिलाएं निर्वाचित होंगी, इसलिए चुनाव रोचक होने वाला है। पटना के अलावा दानापुर नगर परिषद में सबसे ज्यादा मतदाता हैं। यहां 1.56 लाख से ज्यादा लोग वोट डालेंगे।