हरियाणा के खनन माफिया कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। एक खनन माफिया के गुर्गों ने डीएसपी सुरेंद्र सिंह के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में डीएसपी सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुग्राम से सटे नूंह जिले के तावडू थाना क्षेत्र के गांव पचगांव की है। गांव से सटी अरावली की पहाड़ी पर अवैध रूप से खनन किए जाने की सूचना डीएसपी (तावडू) सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को मिली थी।

इसी सूचना पर मंगलवार सुबह 11 बजे वह अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर पहाड़ी के पास खड़े डंपर, उनके चालक और खनन में लगे लोग भागने लगे। वाहन रोकने के लिए डीएसपी आगे आए तो डंपर चालक ने उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। टायर के नीचे आने से डीएसपी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी नूंह वरुण सिंगला मौके पर पहुंचे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही है। डीएसपी मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। 

हरियाणा कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह एक दुखद घटना है। घटना राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शा रही है। हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार सख्त कदम उठाए। खनन माफिया बेखौफ हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। विधायकों को धमकाया जा रहा, पुलिस भी सुरक्षित नहीं है तो जनता कैसे सुरक्षित महसूस करेगी? सरकार को तेजी से कार्रवाई करने की जरूरत है।