राजस्थान में लोगों को भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ा है। इसके कारण लोगों का दिन के समय तो घर से बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया है।  प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी लोगों से विनम्र निवेदन किया है। वहीं उन्होंने प्रदेश की भजनलाल सरकार से भी किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तैयारी रखने की अपील की है।

अशोक गहलोत ने आज इस संबंध में ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 25 और 26 मई का रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें कुछ जगह तापमान 50 डिग्री तक जा सकता है। ऐसे में लू और अधिक तापमान के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।


सभी से विनम्र निवेदन है कि गर्मी से बचने की पूरी सावधानी अपनाएं। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें एवं शरीर में हाइड्रेशन रखने के लिए पानी पीते रहें। राज्य सरकार किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तैयारी रखे।