विधानसभा चुनाव से पहले  अहम माने जा रहे हरियाणा नगर निगम चुनाव 2022 की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने सोमवार को तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव 2022 के लिए मतदान 19 जून को होगा। राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि 19 जून को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा और नगर निगम चुनाव के नतीजे 22 जून को आएंगे। हरियाणा में 46 स्थानीय निकाय हैं जहां चुनाव होंगे। इनके लिए नामांकन पत्र 30 मई से भरे जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में चुनाव आचार संहिता लग गई है। हरियाणा नगर निगम चुनाव 2022 काफी समय से रुके हुए थे। मामला कोर्ट में था। जिसके बाद हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद हरियाणा सरकार को शहरी निकाय चुनाव कराने की अनुमति प्रदान कर दी थी।