जयपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने पांच और सात साल की दो बच्चियों के ऊपर खौलता हुआ पानी डाल दिया। दोनों मासूम चीखती चिल्लाती रहीं। दोनों बहनों का मुंह और सिर बुरी तरह से झुलस गया।बता दें कि घटना के बाद से दोनों बच्चियां गंभीर हालत में हैं और गहरे सदमे में हैं। छोटी बच्ची ने तो पांच दिन से एक शब्द तक नहीं बोला है। बेटियों की हालत देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद अब पुलिस ने वीणा नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया है, लेकिन उसे जमानत मिल गई है।

मामले की जांच कर रही मालवीय नगर थाना पुलिस ने बताया, सात साल की वंशिका और पांच साल की काव्या बुरी तरह झुलस गई हैं। उनके शरीर पर फफोले हो रहे हैं। दोनों बच्चियों का SMS अस्पताल के बर्न वार्ड से इलाज चल रहा है। इस संबंध में उनके माता-पिता ने मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दी है।यह घटना करीब चार से पांच दिन पहले की बताई जा रही है। लेकिन इस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मालवीय नगर पुलिस ने बताया, बच्ची के पिता दिलीप का कहना है कि उनके घर के सामने वीणा नाम की एक महिला रहती है। वह काफी समय से अपने ससुराल को छोड़कर अपने पीहर में रह रही है। उसकी आठ साल की एक बेटी भी है, जो उसके साथ रहती है। परिवार का कहना है कि वीणा मानसिक रूप से सही नहीं है। इस कारण उसे यहां छोड़ दिया गया है।