भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव की अरविंद केजरीवाल के साथ मुलाकात की फोटो सामने आई है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि कपिल देव कुरुक्षेत्र में 29 मई को होने वाली आम आदमी पार्टी की रैली में पार्टी जॉइन कर सकते हैं। इस रैली में केजरीवाल के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचेंगे।अगर कपिल देव AAP जॉइन करते हैं तो हरियाणा में केजरीवाल की पार्टी को एक बड़ा चेहरा मिल जाएगा। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं और पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली रिकॉर्डतोड़ जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी हरियाणा पर फोकस कर रही है। खुद अरविंद केजरीवाल हरियाणा की सिवानी मंडी से हैं।

कपिल देव का जन्म चंडीगढ़ में हुआ। उन्होंने चंडीगढ़ डीएवी स्कूल से पढ़ाई की लेकिन वह क्रिकेट हरियाणा की टीम से खेलते थे। हरियाणा की ओर से रणजी ट्रॅाफी में उन्होंने हरियाणा के लिए कई बेहतरीन पारियां खेलीं। आम आदमी पार्टी 2024 के विधानसभा चुनाव में कपिल देव को पंचकूला विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है। अभी तक हरियाणा से आम आदमी पार्टी में कोई नामी खिलाड़ी शामिल नहीं हुआ। यह बात अलग है कि कपिल देव के अलावा ओलिंपिक मेडल विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह भी अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर चुके हैं। उधर AAP पंजाब से पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को राज्यसभा सांसद बना चुकी है।