श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब तिहाड़ जेल पहुंचने के बाद मंद-मंद मुस्कुराता रहा। खाना खाने के बाद रात भर आराम से सोया और जेलकर्मियों से अंग्रेजी में ही बोलकर पानी मांगा। जेल सूत्रों का कहना है कि चेहरे पर घटना को लेकर कोई शिकन नहीं है। आफताब का पुलिस रिमांड के दौरान भी एक वीडियो जारी हुआ था, जहां हवालात में वह चैन से सो रहा था।आफताब को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में शनिवार को तिहाड़ जेल भेजा गया है। उसे जेल नंबर चार के बैरक 15 में रखा गया है। शाम 6:10 बजे आफताब तिहाड़ पहुंचा था। कागजी कार्रवाई करने के बाद उसे सेल में भेज दिया गया। उसे अन्य कैदियों से अलग रखा गया है। जेल प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को लेकर इंतजाम किए हैं। एक कर्मचारी को निगरानी के लिए रखा गया है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
 
खाना खाने के बाद वह कंबल ओढ़कर आराम से सो गया। रविवार सुबह उसे जेलकर्मियों ने ही जगाया। इसके बाद उसे जेलकर्मी नाश्ते के लिए ले गए। जेलकर्मियों से वह लगातार अंग्रेजी में ही बातचीत कर रहा था। उसके चेहरे पर किसी तरह का तनाव नहीं दिखा। दिनभर वह अपने सेल में बड़े आराम से रहा।आफताब के पॉलिग्राफी टेस्ट का बचा हुआ सत्र सोमवार को होगा। दिल्ली पुलिस ने इसे पूरा करने के लिए रोहिणी स्थित एफएसएल से संपर्क साधा है। कोर्ट ने पुलिस को पॉलीग्राफी व नार्को करवाने के लिए तीन तारीख दी हैं। आफताब के पॉलीग्राफी टेस्ट का प्री-सत्र ठीक से हो गया था। दूसरे मुख्य-सत्र के दौरान उसे खांसी व बुखार हो गया था। इस कारण मशीन उसके जवाबों को ठीक से रिकॉर्ड नहीं कर पाई थी। इसके बाद उसे शुक्रवार को फिर पॉलीग्राफी टेस्ट करने के लिए बुलाया गया था।