मथुरा के थाना हाई वे क्षेत्र में नवादा के समीप आगरा दिल्ली नेशनल हाई वे पर टाइल ईंट बनाने की फैक्ट्री है। भक्ति कंक्रीट उद्योग के नाम से बनी इस फैक्ट्री में शुक्रवार की देर रात चौकीदार की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए।
थाना हाई वे क्षेत्र के गांव विरजापुर निवासी 50 वर्षीय दुर्गाप्रसाद भक्ति कंक्रीट उद्योग पर चौकीदारी कर रहे थे। शुक्रवार की रात को दुर्गा प्रसाद फैक्ट्री पर चौकीदारी करने पहुंचे। दुर्गा प्रसाद यहां अकेले ही चौकीदारी करते थे। शनिवार की सुबह फैक्ट्री पर काम करने के लिए जब अन्य लेबर आई जब उन्होंने देखा तो दुर्गा प्रसाद का शव फैक्ट्री में पड़ा हुआ था। दुर्गा प्रसाद के हाथ पैर बंधे थे और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे शव था। जिसके बाद अंदेशा लगाया जा रहा है कि दुर्गा प्रसाद की हाथ पैर बांधकर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह, थाना हाई वे प्रभारी अनुज कुमार ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।