हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक आरोपी पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया। महेंद्रगढ़ के सदर थाना में 3 दिन पहले गांव पाथेड़ा निवासी धर्मेंद्र व हेमराज के खिलाफ आश्रम के एक महंत के साथ मारपीट का केस दर्ज हुआ था। इसी मामले में दोनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर सुबह करीब 10 बजे कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी। इस बीच धर्मेंद्र ने पुलिकर्मी को कहा कि उसे भूख लगी है। एएसआई द्वारा दूसरे सुरक्षाकर्मी को उसे खाना खिलाकर लाने को कह दिया।

पुलिसकर्मी उसे मैस में खाना खिलाने के लिए जाने लगा तो मैस के नजदीक पहुंचते ही धर्मेंद्र सुरक्षाकर्मी के हाथ को झटका मारकर अपना हाथ छुड़ा कर भाग निकला। पुलिसकर्मी ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह मेन संकरी गलियों में गायब हो गया। पुलिस कस्टडी से फरार हुए आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ सिटी थाना में धारा 224 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।