पटना। प्रदेश में पछुआ एवं उत्तर पछुआ हवा के कारण पटना समेत 18 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किमी ऊपर तक बना हुआ है, यह आठ से 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक शीतलहर जैसी स्थिति बने रहने के आसार हैं। 

10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जिलों का तापमान 

राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम 18.6 दर्ज किया गया। न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 9.0 दर्ज किया गया। पटना के अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में गुरुवार को 1.8 डिग्री की गिरावट देखी गई। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस था। पटना समेत प्रदेश के कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। समस्तीपुर जिले का पूसा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में सबसे कम दृश्यता दर्ज की गई है।