जयपुर । सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की परियोजना जनकल्याण (पब्लिक वेलफेयर) पोर्टल का चयन वर्ष 2022 के ई-गवर्नेंस श्रेणी में स्कॉच गोल्ड अवार्ड के लिए किया गया है। जनकल्याण पोर्टल के प्रभारी अधिकारी राजेश सैनी प्रभारी (आईटी) मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि जनकल्याण पोर्टल ने राजकीय सूचनाओं तक आमजन की पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। 
सैनी ने कहा कि पोर्टल को स्कॉच गोल्ड अवार्ड मिलना विभाग एवं टीम के लिए गौरव का पल है। यह उपलब्धि जनकल्याण टीम के सामूहिक प्रयासों एवं मेहनत का परिणाम है। इस पोर्टल पर राज्य सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सम्पूर्ण जानकारी का संकलन किया गया है।  जनकल्याण टीम से एसीपी (उपनिदेशक) श्रीमती ऋतु भास्कर ने बताया कि वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लॉन्च किए गये इस पोर्टल में सभी विभागों की जनहित में चल रही योजनाओं परियोजनाओं सेवाओं दस्तावेजों का संकलन किया गया है। पोर्टल पर सुशासन मॉड्यूल में बजट घोषणाएं केबिनेट निर्णय जन घोषणा पत्र-2018 मुख्यमंत्री के निर्णय सरकार के नवाचार रोजगार सृजन एवं उपलब्धियों का संकलन किया गया है। जनकल्याण पोर्टल की परियोजना अधिकारी श्रीमती नेहा चौधरी द्वारा स्कॉच कमेटी के समक्ष पोर्टल का विस्तृत रूप से ऑनलाईन प्रस्तुतीकरण दिया गया। जिसके पश्चात् पोर्टल को ई-गवर्नेंस श्रेणी में वर्ष-2022 का स्कॉच गोल्ड अवार्ड दिया गया।