चंडीगढ़ | आठ अगस्त से हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होगा। हरियाणा गठन के बाद पहली बार हरियाणा विधानसभा का नजारा पूरी तरह से बदला हुआ होगा। विधानसभा में घुसते ही डिजिटलीकरण का एहसास हो जाएगा। 95 इंच के चार एलईडी अलग-अलग स्थानों पर लगे होंगे। सभी 90 विधायकों की सीट पर टैब लगा दिए गए हैं, जिसमें लॉगिन करते ही विधायक की उपस्थिति विधानसभा में लग जाएगी। पुराना हाजिरी रजिस्टर कुछ समय तक रहेगा। बाद में हाजिरी टैब के माध्यम से ही लगेगी। सभी प्रश्नों के उत्तर टैब में मौजूद रहेंगे, जिस प्रश्न का उत्तर वे देखना चाहेंगे, बटन दबाते ही उसका उत्तर उनके सामने होगा। यदि कोई सदस्य सदन में देरी से पहुंचता है तो वह सदन की पिछली कार्यवाही को देख सकेगा। उसके लिए अलग से व्यवस्था रहेगी।