राजधानी रांची में फायरिंग की घटना हुई है। मामला शुक्रवार दोपहर का है। मिली जानकारी के मुताबिक रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र अंतर्गत बिष्णु गली स्थित मंगलम प्लाईवुड के पास अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। गोली एक व्यवसायी को लगी।घायल व्यवसायी को आनन-फानन में हॉस्पिटल ले जा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। फायरिंग में घायल व्यक्ति की पहचान प्लाईवुड व्यवसायी सौरभ के रूप में की गई है। सौरभ को सेवा सदन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।गौरतलब है कि दिवाली और छठ महापर्व को लेकर खरीददारी के लिए बाजारों में इस समय भारी भीड़ जुट रही है। डेली मार्केट, रांची के व्यस्तम इलाकों में से एक माना जाता है। ऐसे में वहां दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।